Showing posts with label Deepawali. Show all posts
Showing posts with label Deepawali. Show all posts

Saturday, November 2, 2013

जश्न-ए-दीपावली

'ज्योति पर्व' दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। इस दिन दीपों को प्रज्ज्वलित कर दुनिया को नयी उम्मीदों और नयी ऊर्जा से रोशन करने की घोषणा की जाती है। हिंदी फ़िल्मी दुनिया के टिमटिमाते सितारे भी उल्लास और उमंग से यह पर्व मनाते हैं। लाइट,साउंड,कैमरा और एक्शन जैसे संकेत चिह्नों से दूर दीपावली उन्हें परिवार और दोस्तों के साथ कुछ खुशनुमा पल बिताने का अवसर देता है। ऐसे ही कुछ सितारों की जश्न-ए-दीपावली ...

दीपिका पादुकोण
दीपावली के दिन मैं अपने परिवार के साथ रहना चाहती हूं। सच कहूं तो दीपावली का त्यौहार मुझे अपने परिवार के साथ वक़्त बिताने के लिए बेचैन कर देता है। अच्छी बात है कि इस बार दीपावली के दिन मैं अपने परिवार के साथ रहूंगी। दीपावली मेरा सबसे प्रिय त्यौहार है। बचपन से ही मैं दीपावली सेलिब्रेशन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रही हूं। मम्मी और छोटी बहन के साथ दीया जलाना मुझे बेहद पसंद है। हम सब  एक साथ मिल कर दीपावली की शाम को लक्ष्मी पूजा करते हैं। मुझे और मेरी बहन को हमारे पेरेंट्स ने हमेशा से बताया है कि पटाखे पर्यावरण के लिए हानिकारक होते है  इसलिए हम कभी पटाखे नहीं जलाते हैं।बचपन में भी छोटे- मोटे  पटाखे ही जलाते थे। दीपावली के दिन मेरे लिए सबसे खास होते हैं  माँ के हाथों से बने कुछ ख़ास व्यंजन और मिठाइयां ...।

बिपाशा बसु
मुंबई में अपने परिवार और रिश्तेदारों की कमी सबसे अधिक मुझे दीपावली के दिन ही खलती है। मेरे ज्यादातर रिश्तेदार बंगाल में रहते हैं इसलिए दीपावली के दिन उनसे मिलना नहीं हो पाता है। दीपावली के कुछ दिन पहले बड़े पैमाने पर घर की साफ़-सफाई करवाती हूं और करती हूं। ऐसा करने से दीपावली के दिन होने वाली साज-सज्जा और भी ख़ूबसूरत लगती है । पटाखे मैं बिलकुल नहीं जलाती हूं। लक्ष्मी-गणेश की पारंपरिक पूजा के बाद रसगुल्लों का स्वाद लेती हूं। दीपावली के दिन की सबसे अच्छी बात है कि इस दिन हम सब गिले-शिकवे भूलकर एक-दूसरे को याद करते हैं और सबकी ख़ुशी की कामना करते हैं।

रणवीर सिंह
दीपावली का मतलब मेरे लिए फैमिली और फ्रेंड्स के साथ क्वालिटी टाइम बिताना है। मैं दीपावली के दिन होने वाले जुआ को पसंद नहीं करता इसलिए दीपावली की पार्टी मुझे बोरिंग लगती है। उस दिन मुझे अपनी फैमिली के बच्चों के साथ खेलना ज्यादा अच्छा लगता है। मुझे पटाखे पसंद नहीं हैं।  दीपावली के बारे में एक बात जो बहुत पसंद है..वह है चारो-तरफ दिखते मुस्कुराते चेहरे। सभी रिलैक्स और खुश नजर आते हैं। दीपावली बिजी शेड्यूल के बीच सेलिब्रेशन का मौका देता है।वैसे.. मेरे लिए  दीपावली की सबसे बड़ी हाईलाइट मिठाइयां हैं।
सोनम कपूर
मैं बचपन से बेहद फेस्टिव रही हूं। खासकर दीपावली के लिए बेहद उत्साहित रहती हूं।दीपावली के दिन अक्सर घर की साज-सज्जा की जिम्मेदारी मुझे दी जाती है। मम्मी के साथ मिलकर रंगोलियां बनाती हूँ। मुझे दीपावली के दिन दीये से अपने घर को रोशन करना ज्यादा अच्छा लगता है। मोमबत्तियों का हम कम-से-कम इस्तेमाल करते हैं। मुझे तेज आवाज वाले पटाखे पसंद नहीं है,रॉकेट और फूलझडिय़ों से ही दीपावली मनाती हूं।  दीपावली रोशनी का त्योहार है,शोर का नहीं। पारंपरिक माहौल में हम दीपावली मनाते हैं।

रितिक रोशन
दीपावली के आस-पास हमारी सिटी बेहद पॉल्यूटेड हो जाती है। मुझे लगता है कि दीपावली के दिन होने वाले पॉल्यूशन के विषय में हमें सोचना चाहिए। पटाखे फोडऩे से ज्यादा पॉल्यूशन होता है। हवा में पटाखों के हानिकारक टुकड़े फैल जाते हैं। मेरी कोशिश रहती है कि बम और पटाखों की तेज आवाज से दूर कहीं शांत और सुकून वाली जगह पर दीपावली मनाऊं। इस बार दीपावली का सेलिब्रेशन मेरे लिए खास है क्योंकि मेरी फिल्म 'कृष3' रिलीज़ हुई है। उम्मीद है कि मेरे लिए और दर्शकों के लिए 'कृष3' दीपावली सेलिब्रेशन को और खुशनुमा बनाएगी।

अनुष्का शर्मा
मैं त्योहारों के दौरान ज्यादा उत्साहित नहीं होती हूं। मेरे लिए दीपावली का दिन दूसरे दिनों की तरह नॉर्मल ही रहता है। ऐसा शायद इसलिए है क्योंकि मैं बचपन से दीपावली सेलीब्रेशन की तैयारियों में इंवॉल्व नहीं रही हूं। मम्मी हमेशा दीपावली के लिए सारी तैयारियां करती है। मैंने कभी दीपावली के लिए कुछ नहीं खरीदा है। बचपन में पटाखे फोड़े हैं। बड़े होने के बाद वह भी छूट गया। हां.. मेरी कोशिश रहती है कि दीपावली का दिन अपने घर वालों के साथ समय बिताऊं....
-सौम्या अपराजिता