Showing posts with label फराह खान. Show all posts
Showing posts with label फराह खान. Show all posts

Tuesday, October 15, 2013

'रियल' थिरकन....

स्मॉल स्क्रीन पर डांस रियलिटी शो की बढती संख्या का लाभ अपनी नृत्य-प्रतिभा से लोकप्रिय होने की इच्छुक आम जनता को तो हुआ ही है..साथ ही,नृत्य निर्देशकों के भी वारे-न्यारे हो गए हैं। दरअसल,फिल्मों में अपने इशारों पर सितारों को नचाने के अतिरिक्त डांस रियलिटी शो में जज की कुर्सी के रूप में उन्हें रोजगार का एक और जरिया मिल गया है। रोचक है कि इसी बहाने उन्हें अपने हिस्से की लोकप्रियता भी हासिल हो रही है जिससे वे अभी तक दूर थे।

फराह और श्यामक की राह पर
दर्शकों की नजर में पहले कुछ ही स्टार नृत्य निर्देशक थें जिनसे वे परिचित थे। इनमें सरोज खान,गणेश आचार्य,फराह खान और श्यामक दावर थे। फराह खान और श्यामक दावर की लोकप्रियता तब और बढ़ी जब उन्होंने रियलिटी शो का दामन पकड़ा। उन्हें दर्शकों का प्यार-दुलार और प्रतिष्ठा मिली। उनके मौलिक व्यक्तित्व से दर्शक परिचित हुए। फराह और श्यामक दावर से प्रेरित होकर नए नृत्य निर्देशकों ने भी रियलिटी शो से जुड़ने का निर्णय किया।.. और वे फराह खान और श्यामक दावर के बाद डांस रियलिटी शो के निर्णायक के लिए विकल्प के रूप में उभरे। वैभवी मर्चेंट,पोनी वर्मा,बोस्को- सीजर,गणेश हेन्गड़े ऐसे नामों में उल्लेखनीय हैं। हालांकि, ये सभी फिल्मों में नृत्य निर्देशन करने में इतने व्यस्त रहते हैं कि वे चुनिंदा रियलिटी शो में ही दिखते हैं। इन व्यस्त नृत्य निर्देशकों की अनुपलब्धता का लाभ उभरते हुए नृत्य निर्देशकों को हुआ और जल्द ही उन्होंने रियलिटी शो के निर्णायक की कुर्सी पर बैठकर लोकप्रियता का नया सोपान छूना शुरू कर दिया।

लोकप्रियता का नया दायरा
रियलिटी शो से जुड़ने का लाभ विशेषकर उन नृत्य निर्देशकों को हुआ है जो डांस रियलिटी शो के जज बनने से पहले हाशिये पर थे। उनके चेहरे से परिचय तो दूर की बात है उनके नाम से भी आम दर्शक अपरिचित थे। जब वे स्मॉल स्क्रीन पर रियलिटी शो के जज के रूप में अवतरित हुए..तो दर्शकों का परिचय उनसे और उनकी नृत्य प्रतिभा से हुआ। गीता कपूर,मर्जी पेस्टन जी और टेरेंस लुइस को 'डांस इंडिया डांस' के पूर्व शायद ही आम दर्शक जानते हों। फराह खान की सहायक नृत्य निर्देशिका रह चुकी गीता ' डांस इंडिया डांस' के कारण ही आज सेलेब्रिटी बन गयी हैं,वहीँ ' डांस इंडिया डांस' के मंच ने श्यामक दावर के शिष्य मर्जी पेस्टन जी और नृत्य निर्देशक और नर्तक टेरेंस लुइस को विशिष्ट पहचान दी।

गीता कपूर से 'गीता मां' तक
गीता कपूर की लोकप्रियता का आलम यह है कि ' डांस इंडिया डांस' के अतिरिक्त दूसरे डांस रियलिटी शो में भी उनकी मांग बढ़ी है। 'गीता मां ' के संबोधन से पुकारी जाने वाली गीता मौजूदा दौर में रियलिटी शो से जुडी सबसे व्यस्त सेलिब्रिटी हैं। उनका एक डांस रियलिटी शो ख़त्म होता है,तो दूसरा दस्तक दे देता है। पिछले दिनों ही गीता को दर्शकों ने 'इंडियाज डांसिंग सुपरस्टार' में देखा और अब वे 'डांस इंडिया डांस' के नए सीजन में दिख रही हैं।  इससे पहले वे 'डांस इंडिया डांस डबल्स', 'डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर्स' और 'डांस के सुपरकिड्स' में निर्णायक की भूमिका अदा कर चुकी हैं। डांस रियलिटी शो में जज की कुर्सी ने गीता को लोकप्रियता ही नहीं,बल्कि लाखों प्रशंसक भी दिए हैं। स्वयं गीता कहती हैं,"जब लोग इतने प्यार से मुझसे मिलने आते हैं, वो पल दिल को छू लेने वाला होता है।सब मुझे गीता मां कहते हैं । अच्छा लगता है। मुझे पक्का यकीन है कि कुछ साल बाद मैं बच्चों की गीता मां से गीता नानी-दादी भी हो जाऊंगी।'

प्रतिभा का प्रत्यक्ष प्रदर्शन
डांस रियलिटी शो ने नृत्य निर्देशकों की प्रतिभा को बड़ा दायरा भी दिया है। अब वे अभिनेता-अभिनेत्रियों के माध्यम से नहीं,बल्कि स्वयं प्रत्यक्ष रूप से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। प्रतिभागियों की ही तरह उन्हें भी डांस रियलिटी शो ने अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया है। तभी तो जब भी अवसर मिलता है रेमो डिसूजा और टेरेंस लुइस जैसे नृत्य निर्देशक अलग-अलग डांस रियलिटी शो में नृत्य करते हुए दिख जाते हैं। टेरेंस 'डांस इंडिया डांस के मंच पर कंटेम्पररी डांस का नमूना पेश करते हैं,तो रेमो  'झलक दिखला जा' में हिप-हॉप और 'बॉलीवुड डांस' करते हुए नजर आते हैं।


कुछ नया हो जाए
रियलिटी शो के मंच से जुड़ने के बाद मिली लोकप्रियता और सम्मान को भुनाने के लिए नृत्य निर्देशक अपने करियर को नयी दिशा देने के लिए भी प्रेरित होते हैं। रेमो डिसूजा ने 'डांस इंडिया डांस' के मंच से मिली पहचान के बाद ही नृत्य निर्देशक के साथ-साथ फिल्म निर्देशक बनने का निर्णय लिया और बना डाली 'फालतू' और 'ए बी सी डी-एनी बॉडी कैन डांस' जैसी छोटे बजट की सफल फिल्में। उधर.. टेरेंस लुइस ने भी अपनी डांस अकादमी को बड़ा दायरा दिया। उनकी डांस अकादमी की लोकप्रियता बढ़ी। टेरेंस कहते हैं,'पांच साल पहले जब मैं 'डांस इंडिया डांस' में आया था तब मेरा उद्देश्य नृत्य कौशल को सम्मान दिलाना था। हमारे समय के बहुत से डांसर और कोरियोग्राफर जो डांस को करियर के रूप में अपनाना चाहते थे, वे असुरक्षा की भावना से ऐसा नहीं कर पाए।अब इस मुकाम पर आकर मैं लोगों का ऐसा समुदाय खड़ा करना चाहता हूं जो न सिर्फ डांस पसंद करते हैं बल्कि स्वस्थ तन-मन और आत्मा के लिए डांस की जरूरत को समझते है।'

बढे विकल्प
डांस रियलिटी शो से जुड़ने के लिए नृत्य निर्देशकों की नयी खेंप के उत्साह का लाभ निर्माताओं को भी हुआ। अब उन्हें अपने शो में निर्णायक के लिए इतने विकल्प जो मौजूद हैं। अब उन्हें सिर्फ स्टार नृत्य निर्देशकों की उपलब्धता के भरोसे रहने की जरुरत नहीं है। अपेक्षाकृत कम पारिश्रमिक में नए नृत्य निर्देशक निर्णायक बनने के लिए तैयार ही नहीं होते बल्कि वे पूरे उत्साह से शो के निर्माण की प्रक्रिया में अपना योगदान देते हैं। अपनी थिरकन से वे चार-चांद लगा देते हैं।

भारतीय टेलीविज़न पर डांस रियलिटी शो की परम्परा के अग्रदूत ' बूगी-वूगी' का आगमन एक बार फिर होने वाला है। 'बूगी-वूगी' के रूप में जावेद जाफरी,नावेद जाफरी और रवि बहल द्वारा स्थापित डांस रियलिटी शो के प्रथम मंच ने  परोक्ष रूप से रियलिटी शो और नृत्य निर्देशकों के  वर्तमान ताने-बाने को बुना है। उम्मीद तो यही है कि  नृत्य निर्देशकों और रियलिटी शो का साथ यूं ही बना रहे। थिरकन के ये जादूगर यूं ही नृत्य की नयी प्रतिभाओं की खोज में योगदान देते रहें...

रियलिटी शो में निर्णायक की भूमिका अदा करने वाले नृत्य निर्देशक

  • -सरोज खान
  • -फराह खान
  • -गीता कपूर
  • -वैभवी मर्चेंट
  • -पोनी वर्मा
  • -टेरेंस लुइस
  • -बौस्को
  • -सीजर
  • -रेमो डिसूजा
  • -मर्जी पेस्टन ज़ी
  • -एश्ले लोबो
  • -अहमद खान
-सौम्या अपराजिता