Sunday, November 3, 2013

दीपावली की दीवानगी...

भारतीय परिप्रेक्ष्य में दीपावली व्यवसायियों का सबसे प्रिय और महत्वपूर्ण त्यौहार है। दीपावली व्यावसायिक समृद्धि और प्रगति का प्रतीक है। यही कारण है कि दीपावली के इर्द-गिर्द उपभोक्ताओं को रिझाने के लिए नए-नए प्रयास किये जाते हैं। फिल्म व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए भी दीपावली नयी उम्मीदों और समृद्धि का संकेत सूचक है। तभी तो  दीपावली के इर्द-गिर्द अपनी फिल्म के प्रदर्शन को लेकर निर्माता-निर्देशक एड़ी-चोटी का जोर लगाते हैं। वे वह हर संभव प्रयास करते हैं जिससे उनकी फिल्म दीपावली की छुट्टियों के आस-पास प्रदर्शित हो। दीपावली की दीवानगी फ़िल्मी दुनिया पर इस कदर हावी है कि दीपावली पर बड़ी फिल्मों का प्रदर्शन एक बड़ा और आकर्षक आयोजन बन गया है।

सपरिवार मनोरंजन
दरअसल,दीपावली के आस-पास के दिन फिल्म व्यवसाय के लिए अपेक्षाकृत अनुकूल माने जाते हैं। छुट्टियों का माहौल होता है। लोग सपरिवार छुट्टियों का आनंद लेना चाहते हैं। साथ ही,मनोरंजन के लिए पूँजी निवेश करने में भी वे नहीं हिचकिचाते हैं। ऐसे में, संभवतः सपरिवार मनोरंजन के लिए फ़िल्में उनके सामने सबसे प्रिय विकल्प के रूप में उभरती हैं। ..और इस तरह दीपावली के इर्द-गिर्द होने वाली छुट्टियों के दौरान अधिकांश लोग सपरिवार सिनेमाघरों का रुख करने लगते हैं। इन्हीं पारिवारिक दर्शकों को रिझाने के लिए दीपावली के दौरान सपरिवार देखी जाने वाली फिल्मों के प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जाती है। इस वर्ष दीपावली के अवसर पर 'कृष 3' के प्रदर्शन की योजना भी इसी आधार पर बनी । गौरतलब है कि व्यवसाय और रोजमर्रा के कार्यों में व्यस्त होने के कारण माता-पिता अपने बच्चों के साथ सिनेमाघरों का रुख नहीं कर पाते हैं। ऐसे में दीपावली की छुट्टियों के दौरान प्रदर्शित होने वाली 'कृष3' जैसी फिल्म बच्चों को उनके माता-पिता और अन्य रिश्तेदारों के साथ सिनेमाघरों तक खींचने में सक्षम होती है। गौर करें तो दीपावली के दौरान प्रदर्शित होने वाली अधिकांश फ़िल्में पारिवारिक मनोरंजन को ध्यान में रखकर बनायी जाती हैं।

कमाई की गारंटी
पिछले कुछ अर्से से दीपावली के दौरान प्रदर्शन फिल्म व्यवसाय के लिए सुखद संकेत लेकर आता रहा है। फिल्म-प्रदर्शन के लिए दीपावली को कमाई की गारंटी माना जाने लगा है। इसका अंदाजा इस बात से ही लग जाता है कि एक वर्ष से पूर्व ही निर्माता-निर्देशकों के बीच दीपावली के दौरान अपनी फिल्म के प्रदर्शन की तारीख सुरक्षित करने की होड़-सी लग जाती है। उदहारण स्वरूप अगले वर्ष दीपावली के दौरान 'शुद्धि' के प्रदर्शन के लिए करण जौहर ने तारीख सुरक्षित कर ली है जबकि अन्य बड़े निर्माता-निर्देशक इस दिशा में अभी प्रयासरत हैं। रोचक है कि अभी से 2015 की दीपावली के दौरान राजश्री प्रोडक्शन की अपनी नयी फिल्म के प्रदर्शन के लिए सलमान खान तारीख सुरक्षित करने की जुगत लगा रहे हैं। इस सन्दर्भ में ट्रेड विशेषज्ञ तरण आदर्श कहते हैं,'सभी आजकल अपनी फिल्म के लिए दीपावली की रिलीज़ बुक करना चाहते हैं। उन्हें यह बखूबी पता है कि इस डेट पर फिल्में रिलीज करना मोटी कमाई की गारंटी है। यही वजह है कि न सिर्फ मौजूदा बल्कि आने वाले साल की दीपावली पर रिलीज होने वाली फिल्मों के नाम सबको पता है। मेरा मानना है कि इस ट्रेंड में कोई बुराई नहीं है।'

शुक्रवार का इंतज़ार नहीं
यूं तो आम दिनों में फ़िल्में शुक्रवार को प्रदर्शित होती हैं।.. लेकिन जब दीपावली की बात होती है,तो इस मौके को भुनाने के लिए फिल्म निर्माता-वितरक फिल्म को शुक्रवार से पहले भी प्रदर्शित करने में नहीं हिचकिचाते हैं। इस बार भी 'कृष 3' का प्रदर्शन दीपावली के दिन अर्थात रविवार को होना था,पर बाद में इसे बदलकर दो दिन पहले शुक्रवार कर दिया गया। दरअसल,आमतौर पर दीपावली के दिन फिल्म रिलीज करने की परंपरा है, लेकिन ऐसा माना जाता है कि दीपावली  वाले दिन, शाम और रात के कलेक्शन में थोड़ी गिरावट आ जाती है क्योंकि लोग दीपावली का त्योहार मनाने में व्यस्त हो जाते हैं। यही वजह है कि राकेश रोशन ने 'कृष3' को दीपावली के दो दिन पहले प्रदर्शित करने का निर्णय लिया। गौरतलब है कि वर्ष 2008 में दीपावली के दौरान 'फैशन' और गोलमाल रिटर्न्स' मंगलवार को प्रदर्शित हुई थी,तो 2005 में 'गरम मसाला' और शादी नंबर वन' बुधवार को प्रदर्शित हुई।

बड़े सितारों की चांदी
हिंदी फिल्म प्रेमियों के दिलों में उनके प्रिय सितारे बसते हैं। विशेषकर प्रथम श्रेणी के सितारों को लेकर सिनेप्रेमियों में इतना उत्साह रहता है कि वे उन्हीं के साथ सिनेमाघरों में दीपावली मनाना चाहते हैं। प्रशंसकों के इसी प्रेम और उत्साह के कारण बड़े सितारे दीपावली के आस-पास अपनी फिल्म के प्रदर्शन को लेकर उत्सुक रहते हैं। प्रशंसक भी चाहते हैं कि उनके प्रिय अभिनेता की फिल्म दीपावली के दौरान प्रदर्शित हो ताकि निजी जीवन की व्यस्तताओं से मुक्त रहने वाले दिनों में वे अपने प्रिय सितारे के नए अंदाज और तेवर को सिनेमाघरों में निहार सकें। यही वजह है कि बड़े सितारों के लिए दीपावली भाग्यशाली साबित हुआ है। हालांकि, शाहरुख़ खान के लिए दीपावली कुछ ज्यादा ही सुखद संकेत लेकर आता रहा है। शायद यही वजह है कि शाहरुख़ अगले वर्ष दीपावली के दौरान फराह खान निर्देशित अपनी नयी फिल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' के प्रदर्शन की योजना  बना रहे हैं।ख़बरों की मानें तो शाहरुख ने फिल्म की निर्देशक फराह खान को कहा है कि इसे अगले साल दीपावली पर रिलीज किया जाए। गौरतलब है कि  'ओम शांति ओम' दिवाली पर ही रिलीज हुई थी और इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी। फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं की गई है कि 'हैप्पी न्यू ईयर' कब रिलीज होगी। उधर रणबीर कपूर की निगाहें भी अगले वर्ष की दीपावली पर टिकी हुई है। वे अनुराग बसु निर्देशीत 'जग्गा जासूस' के प्रदर्शन के लिए अगले वर्ष की दीपावली के दौरान की तारीख सुनिश्चित करना चाहते हैं। यदि रणबीर की ख्वाहिश पूरी हो जाती है,तो अगले वर्ष दीपावली की रौनक बढाने के लिए तीन बड़ी फ़िल्में शुद्धि,हैप्पी न्यू ईयर और जग्गा जासूस सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती हैं। यदि ऐसा होता है,तो अगले वर्ष बॉक्स ऑफिस की दीपावली की रौनक तिगुनी बढ़ जाएगी..।
उम्मीद है कि आने वाले कई वर्षों तक हिंदी सिनेमा यूं ही दीपावली के जगमगाते दीयों से रोशन रहेगा और अपने रंग,ढंग और अंदाज से मनोरंजन के नित नए दीप जलाता रहेगा...।
दीपावली पर प्रदर्शित होने वाली पिछले दस वर्षों की फिल्मों की सूची-
2012-सन ऑफ सरदार,जब तक है जान
2011-रा.वन
2010-गोलमाल3,एक्शन रीप्ले
2009-ब्लू,मैं और मिसेज खन्ना,ऑल द बेस्ट
2008-गोलमाल रिटर्न्स,फैशन
 2007-सांवरिया,ओम शांति ओम
 2006-डॉन ,जानेमन
 2005-गरम मसाला,शादी नंबर वन
 2004-वीर जारा, ऐतराज

-सौम्या अपराजिता






No comments:

Post a Comment

आपकी टिप्पणियों का स्वागत है...