Friday, June 17, 2016

ठंडे बस्ते में...

-सौम्या अपराजिता

कहते हैं हमेशा बड़ी-बड़ी योजनाएं सफल नहीं होतीं। कई बार परिस्थितियां उन योजनाओं के कारगर होने में बाधक हो जाती हैं जिस कारण उसे आगे बढ़ाना और व्यावहारिक रूप देना मुश्किल हो जाता है। कई बार हमारी हिंदी फिल्मों के साथ भी ऐसा ही होता है। गाजे-बाजे के साथ बड़े सितारों की मौजूदगी के बीच फ़िल्म की घोषणा की जाती है,मगर बाद में पता चलता है कि उस फ़िल्म विशेष के निर्माण की योजना पर पानी फिर गया है। फ़िल्म डिब्बा-बंद हो जाती है। इसकी वजहें कई होती हैं। कई बार चुने हुए सितारों की अत्यधिक व्यस्तता के कारण,तो कई बार उचित पूँजी के अभाव में घोषित फ़िल्म के निर्माण की योजना टालनी पड़ती है। आइये नजर डालते हैं पिछले कुछ दिनों में घोषित हुई उन फिल्मों पर जो अभी भी निर्माण की पहली सीढ़ी पर नहीं पहुँच पायी हैं। ऐसे में इन्हें फ़िलहाल 'डिब्बा-बंद' ही माना जा रहा है।

दर्शकों ने 'मुन्नाभाई एम बी बी एस' और 'लगे रहो मुन्नाभाई' में मुन्ना और सर्किट की जोड़ी को खूब पसंद किया। इसलिए निर्माता विधु विनोद चोपड़ा और निर्देशक राजू हिरानी ने 'मुन्ना भाई चले अमेरिका' की योजना बनाई। फ़िल्म का प्रोमो भी रिलीज कर दिया गया....मगर सात वर्ष बाद भी फ़िल्म का निर्माण नहीं शुरू हो पाया। कहा जा रहा है कि पहले फ़िल्म की निर्देशक राजू हिरानी की 'पी के' के निर्माण में व्यस्तता और फिर संजय दत्त के कारावास के कारण इस फ़िल्म का निर्माण तय समय पर नहीं हो पाया। हालांकि,राजू हिरानी और विधु विनोद चोपड़ा ने दर्शकों को भरोसा दिलाया है कि वे मुन्नाभाई सीरीज की तीसरी फ़िल्म बनाएंगे,मगर वह 'मुन्नाभाई चले अमेरिका' नहीं होगी।

'हेरा-फेरी 3' लगातार मुसीबत में फंसी हुई है। योजना तो यह थी कि इस फिल्म को पिछले वर्ष अगस्त में प्रदर्शित कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की जगह जॉन अब्राहम और अभिषेक बच्चन को चुन लिया गया था, लेकिन जॉन फिल्म से अलग हो गए। उनके बाद हाल ही में अभिषेक ने भी फिल्म से अलग होने की बात कह दी। अभिषेक बच्चन ने कहा है कि वह अब कॉमेडी फिल्म 'हेरा फेरी 3' का हिस्सा नहीं है। फिल्म 'हेरा फेरी 3' के बारे में पूछे जाने पर अभिषेक ने बताया, 'मैं अब यह फिल्म नहीं कर रहा हूं।' नीरज वोरा निर्देशित फिल्म 'हेरा फेरी 3' के बारे में एक साल पहले घोषणा कर दी गई थी और पिछले साल जून से फिल्म की शूटिंग भी की गई थी। हालांकि, यह भी खबर थी कि कुछ वजहों से फिल्म की शूटिंग रोक दी गई थी।

'शुद्धि' पिछले दो वर्षों से चर्चा में रही। करण जौहर निर्मित होने वाली यह फ़िल्म अपनी बदलती स्टारकास्ट के कारण सुर्ख़ियों में रही। रितिक रोशन और रणवीर सिंह से होते हुए फ़िल्म सलमान खान की झोली में गिरी...मगर उसके बाद अचानक ही फ़िल्म के लिए वरुण धवन और आलिया भट्ट के नाम की घोषणा कर दी गयी। मगर अब खबर है कि यह बहुचर्चित फ़िल्म फ़िलहाल नहीं बन रही है। 'शुद्धि' फिलहाल ठंडे बस्ते में चली गई है। वरुण धवन ने बताया कि 'शुद्धि' की जगह वे अब अपनी अगली फिल्म 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' पर काम शुरू कर चुके हैं जिसके निर्माता भी करण जौहर ही हैं। वरुण ने कहा,'शुद्धि' पर फिलहाल काम शुरू नहीं हो रहा है, लेकिन मैं करण के एक दूसरे प्रोजेक्ट 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' पर काम शुरू कर चुका हूं।' करण जौहर के मुताबिक 'लॉजिस्टिक' वजहों से 'शुद्धि' के निर्माण की प्रक्रिया पर ब्रेक लग गया है।

पिछले दो वर्ष पूर्व 'नो एंट्री' के सीक्वल 'नो एंट्री में एंट्री' की घोषणा की गयी थी।...मगर सलमान खान की तारीखों के अभाव में इस कॉमेडी फ़िल्म के निर्माण की योजना टलती रही। फिल्म निर्देशक अनीज बज्मी ने करीब डेढ़ साल पहले सलमान को 'नो एंट्री' के सीक्वल की कहानी सुनाई थी। सूत्रों के मुताबिक, जब सलमान को कहानी सुनाई गयी तो उन्होंने इसे पसंद किया। था,मगर अपनी हांमी नहीं भरी थी। कहा तो यह भी जा रहा है निर्माता बोनी कपूर से नाराजगी की वजह से सलमान इस फ़िल्म को टाल रहे हैं। दरअसल,'एआईबी कंट्रोवर्सी' के कारण अर्जुन कपूर से खफा हैं सलमान...जिसका खामियाजा अर्जुन के पिता बोनी कपूर को भुगतना पड़ रहा है। लेकिन अब खबर है कि एक बार फिर 'नो एंट्री में एंट्री' के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। बोनी कपूर जल्द ही सलमान के साथ मिलकर उनसे 'नो एंट्री' के सीक्वल की तारीखों के बारे में चर्चा करेंगे।'नो एंट्री' के सीक्वल की शूटिंग शुरू होने के बारे में बोनी कपूर ने कहा,' सलमान इस पर सही जवाब देंगे। मैंने उनके साथ इस बारे में पहले भी बातचीत की है। हम दोबारा मिलेंगे और फैसला करेंगे। मैं फिल्म 'मॉम' में व्यस्त था। हम अगले कुछ सप्ताह में मिलेंगे और इस बारे में बातचीत करेंगे।'

एक वर्ष पूर्व अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर के जीवन पर आधारित बायोपिक 'हसीना' की घोषणा की गयी थी। इस फ़िल्म के लिए सोनाक्षी सिन्हा का चुनाव भी किया गया था। मगर पिछले दिनों खबर आयी कि सोनाक्षी ने फ़िल्म छोड़ दी है और अब उनकी जगह श्रद्धा कपूर को अप्रोच किया गया है। मगर बात कुछ और ही है। दरअसल,इस फ़िल्म को फिनांसर नहीं मिल पा रहे हैं जिस कारण वक़्त पर फ़िल्म का निर्माण प्रारम्भ नहीं हो पा रहा है। यही वजह है कि सोनाक्षी ने फ़िल्म से खुद को किनारे कर दिया है। अब कहा जा रहा है कि फिलहाल कुछ दिनों के लिए फ़िल्म को ठन्डे बस्ते में डाल दिया गया है।

No comments:

Post a Comment

आपकी टिप्पणियों का स्वागत है...