Thursday, January 9, 2014

ताज़गी और तालमेल...

जब हुनर और हौसला हो,तो नवोदित सितारों को भी मंजिल मिलते देर नहीं लगती। साथ ही,उन नवोदित सितारों के होश और जोश से अनुभवी सितारे भी इतने प्रभावित होते हैं,कि उन्हें सिल्वर स्क्रीन पर अपना साझेदार बनाने के लिए वे सही वक़्त का इंतज़ार नहीं करते हैं। हालांकि, नवोदित अभिनेत्रियों के साथ अनुभवी और स्थापित अभिनेता पहले भी अभिनय के रंग भरते रहे हैं..पर ऐसा कम हुआ है जब नए-नवेले अभिनेताओं के साथ शीर्ष की अभिनेत्रियों ने सिल्वर स्क्रीन पर प्रेम के गीत गुनगुनाये हों।..रोचक है कि इस वर्ष नवोदित अभिनेताओं संग अनुभवी अभिनेत्रियों की कई जोड़ियां दर्शकों को रिझाने के लिए तैयार हैं। वे अपनी ताजगी और तालमेल से प्रशंसकों को सुखद अहसास देने के लिए तैयार हैं।

अनुभव की आन..
प्रियंका चोपड़ा पिछले कई वर्षों से हिंदी फिल्मों में सक्रिय हैं। वे सिर्फ शीर्ष की अभिनेत्री ही नहीं,बल्कि मौजूदा दौर की अनुभवी अभिनेत्री भी हैं। इन सबके बावजूद जब प्रियंका को रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर जैसे नए अभिनेताओं के साथ अभिनय करने का प्रस्ताव मिला,तो उन्हें हिचकिचाहट नहीं  हुई। प्रियंका ने अर्जुन और रणवीर की अभिनय प्रतिभा और जज्बे पर भरोसा किया और 'गुंडे' में उन दोनों की नायिका बनने की स्वीकृति दे डाली। हालांकि,'गुंडे' के सेट पर जाने के बाद प्रियंका ने पहले ही दिन सबको अहसास दिला दिया कि वे ज्यादा अनुभवी हैं। 'गुंडे' के निर्देशक अली अब्बास जफ़र के अनुसार,'प्रियंका जब पहली बार आयीं,तो उन्होंने सबसे पहले कहा..'मैं आप सब को बता देना चाहती हूं कि मैं तीस फिल्म पुरानी हूं।' उसके बाद क्या था..अर्जुन ने कहा,'मैं दो फिल्म पुराना हूं और रणवीर ने कहा कि मैं चार फिल्म पुराना हूं.. इस तरह प्रियंका के ज्यादा अनुभवी होने के अहसास के साथ फिल्म की शूटिंग शुरू हुई।'

हमउम्र मिल गया..
यूं तो यह ज्ञात तथ्य है कि अभिनेत्रियों को अक्सर खुद से दोगुनी उम्र वाले अभिनेताओं के साथ रुपहले पर्दे पर रास-रंग करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। ऐसे में जब शीर्ष पर विराजमान कमसिन अभिनेत्रियों को उभरते हुए नवोदित,पर हमउम्र अभिनेता के साथ जोड़ी बनाने का मौका मिलता है..तो वे झट से इस मौके का फायदा उठा लेना चाहती हैं। दीपिका पादुकोण ने ऐसा ही किया। 'राम-लीला' में अपेक्षाकृत नए अभिनेता रणवीर सिंह के साथ प्रेम-लीला करने के बाद अब वे अर्जुन कपूर के साथ दर्शकों से रूबरू होने के लिए तैयार हैं। होमी अदजानिया की 'फाइंडिंग फैनी फर्नांडीज' में अर्जुन संग अभिनय कर रही दीपिका कहती हैं,' मैं अर्जुन को उस समय से जानती हूं जब वह मेरे दोस्तों के समूह का हिस्सा थे। मैंने ऐसा कभी नहीं सोंचा था कि अर्जुन अभिनेता बनेंगे। अर्जुन के साथ काम करना सपने के जैसा रहा। '

ताजा हो जाए..
दर्शकों को ताजगी की चाशनी में डुबोने के लिए भी सफल और अनुभवी अभिनेत्रियों संग नए अभिनेताओं की जोड़ी बनायी जाती है। 'बेवकूफियां' में भी कुछ ऐसा ही है। यशराज बैनर की इस फिल्म में सोनम कपूर और आयुष्मान खुराना की ताजा तरीन जोड़ी दर्शको का मनोरंजन करेगी। नुपुर अस्थाना निर्देशित इस फिल्म में जब दो फिल्म पुराने शालीन और जिंदादिल आयुष्मान संग नौ फ़िल्में कर चुकी फैशनबल और स्टाइलिस्ट सोनम की जोड़ी जमेगी,तो स्क्रीन पर अनूठा समां बंधेगा। वैसे,सोनम और आयुष्मान के बेहतर तालमेल की खूब चर्चा हो रही है। दोनों एक-दूसरे के साथ बेहद सहज हैं। आयुष्मान कहते हैं,' सोनम कपूर के साथ काम करना मेरे लिए बेहतनीन अनुभव रहा है। लोगों के बीच सोनम कपूर की इमेज फैशन वाली लड़की की है, लेकिन निजी जिंदगी में वह बहुत सिंपल हैं।'सोनम भी आयुष्मान से बेहद प्रभावित हैं। वह कहती हैं,'आयुष्मान निहायत सज्जन पुरुष हैं। वह एक स्वाभाविक अभिनेता है। वे व्यवहार कुशल और शिष्ट भी हैं।'
कोई ना मिले तो..
कई बार नायिका प्रधान फिल्म का नायक बनने के लिए स्टार अभिनेता तैयार नहीं होते हैं। ऐसी परिस्थिति में भी शीर्ष की नायिका की जोड़ी नए अभिनेताओं के साथ बन जाती है। ऐसी ही जोड़ी बनी है 'क्वीन' में। इसमें शीर्ष भूमिका निभा रही कंगना के नायक बने हैं राजकुमार यादव। ' क्वीन' में कंगना असरदार केंद्रीय भूमिका निभा रही हैं। यही वजह है कि उनकी सशक्त भूमिका के समक्ष कोई बड़ा अभिनेता फिल्म में अभिनय करने का इच्छुक नहीं था ऐसे में निर्माताओं के सामने राजकुमार यादव जैसे नए,परन्तु समर्थ अभिनेता का विकल्प था।

ताकि बना रहे असर..
ऐसा भी होता है कि अभिनेत्रियों के अभिनय और आकर्षण को असरदार साबित करने के लिए भी उनकी जोड़ी नवोदित अभिनेता संग बना दी जाती है। अरबाज़ खान ने भी ऐसा ही किया है। अपनी नयी फिल्म 'डौली की डोली' में सोनम कपूर को असरदार दिखाने के लिए नायक के रूप में अरबाज़ ने पुलकित सम्राट जैसे बेहद नए अभिनेता को चुना है। ऐसा करने से फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण सोनम बनी रहेंगी। ..और इस तरह अरबाज़ ने अपनी प्रिय सोनम की झोली में ऐसी फिल्म डाली है, जो अगर हिट होती है,तो उसका सारा श्रेय सिर्फ सोनम को मिलेगा।

दरअसल,शीर्ष की अभिनेत्रियाँ भी अब जान गयी हैं कि दर्शकों को हमेशा कुछ नया और अलग चाहिए। यही वजह है कि वे अपने स्टार स्टेटस को खूँटी पर टांग कर नए अभिनेताओं के साथ जोड़ियाँ बना रही हैं।.. ऐसा करने से उन्हें सेट पर हमउम्र साथी मिलते हैं। अपने अनुभव की आन और स्टार स्टेटस की शान के साथ-साथ सशक्त और समानांतर भूमिका निभाने का मौका भी मिलता है। उम्मीद है..ये सिलसिला चलता रहेगा और यूं ही शीर्ष अभिनेत्रियों संग नवोदित अभिनेताओं की जोड़ियाँ सिल्वर स्क्रीन को ताजगी की चाशनी में डुबोती रहेंगी..।
जब टॉप हीरोइन संग होंगे नए हीरो..-
1 / गुंडे-प्रियंका चोपड़ा संग अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह
2 /फाइंडिंग फैनी फर्नांडीज-दीपिका पादुकोण संग अर्जुन कपूर
3 /बेवकूफियां-सोनम कपूर संग आयुष्मान खुराना
4 /क्वीन-कंगना रनोट संग राजकुमार राव
5 /डॉली की डोली-सोनम कपूर संग पुलकित सम्राट
-सौम्या अपराजिता

No comments:

Post a Comment

आपकी टिप्पणियों का स्वागत है...