Monday, August 5, 2013

परिणाम की परवाह नहीं

-सौम्या अपराजिता

प्रियंका चोपड़ा जितनी चंचल और खुश मिजाज हैं उतनी ही भावुक और संवेदनशील भी। पिता के निधन के बाद पहली बार जब प्रियंका पत्रकारों के समक्ष आयीं ,तो उनसे पिता के अभाव में होने वाले दुःख का जिक्र किया गया,तो अपने दुःख को छिपाने की कोशिश करते हुए मुस्कुराते हुए प्रियंका ने कहा,'मैं अपनी मैं अपनी भावनाएं व्यक्त नहीं कर पाती हूं। अपने मन की बात सबसे शेयर करना मुझे नहीं आता है।' प्रियंका ऐसी ही हैं। तभी तो वे  प्रशंसकों के साथ-साथ अपने परिवार और दोस्तों की चहेती हैं। प्रियंका से जब पिछली बार उनके घर पर मुलाकात हुई थी तब उन्होंने कहा था,'मैं बेहद घरेलू लड़की हूं। अपने परिवार जनों के साथ बैठकर उनसे बातें करना मुझे अच्छा लगता है। मेरे घर पर हमेशा कोई-न-कोई रिश्तेदार मौजूद रहता है। मैं बेहद खुशनसीब हूं कि मुझे इतनी सपोर्टिव फैमिली मिली है। वे मेरी ख़ुशी में शरीक होते हैं,तो मेरी मजबूरियों को भी वे बखूबी समझते हैं।
इन दिनों प्रियंका अपने म्यूजिकल अल्बम के नए गीत एक्जॉटिक' को लेकर सुर्ख़ियों में हैं। गौरतलब है कि प्रियंका के इस अंतर्राष्ट्रीय सिंगल को लेकर आलोचना-प्रत्यालोचना का दौर जारी है। कुछ लोगों को यह गीत पसंद आया है,तो कुछ लोगों को इस गीत में प्रियंका के पोशाक और उनके हाव-भाव को लेकर शिकायत है। हालांकि, प्रियंका को इन आलोचनाओं से फर्क नहीं पड़ता है। वह कहती हैं,' मुझे शुरुआत से ही जोखिम लेना पसंद है।मैं परिणाम की ज़्यादा परवाह नहीं करती। मुझे अजीबोग़रीब चीज़ें करना बहुत पसंद है।'उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों ट्विटर पर सार्वजानिक रूप से अपने आलोचकों को जवाब देते हुए प्रियंका ने कहा था,' मुझे अक्सर कहा जाता है कि जो तुमसे घृणा करते हैं,उनपर ध्यान मत दो। उन्हें अटेंशन चाहिए इसलिए वे ऐसा करते हैं। ठीक है कि सबको अपनी राय रखने का अधिकार है।...पर कुछ लोग जानबूझकर आपको हर्ट करना पसंद करते हैं। ऐसे लोगों से मुझे नफरत है।'


आजकल प्रियंका मुंबई के फिल्मिस्तान स्टूडियो में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की भारतीय बॉक्सर मैरी कौम पर आधारित बायोपिक की शूटिंग में व्यस्त हैं। पिछले दिनों ही फिल्म की शूटिंग से पूर्व प्रियंका मणिपुर में मैरी के साथ वक़्त बीता कर लौटी हैं।मणिपुर से लौटने के बाद प्रियंका ने बताया,' मणिपुर की यह यात्रा पूरी तरह से फिल्म के लिए जरूरी शोध के लिए थी। मैरी और उनके परिवार से मिलना मेरे  लिए बहुत दिलचस्प था। मणिपुर के लोग बहुत दयालु और स्वागत करने वाले हैं। बढ़िया अनुभव रहा।' प्रियंका से मिलने के बाद मैरी कौम उनसे बेहद प्रभावित हुईं। मेरी ने कहा,'मेरी भूमिका निभाने के लिए प्रियंका सही चॉइस हैं।'

जीवन के इकत्तीसवें बसंत में प्रवेश कर चुकी प्रियंका के बारे में विशेष बात है कि अभिनेत्री के रूप में वे हर तरह की भूमिकाओं में ढल जाती हैं। बर्फी में झिलमिल की संवेदनशील भूमिका निभाने वाली प्रियंका शूट आउट एट वडाला के गीत में बदमाश बबली बनती हैं,तो फैशन में सुपर मॉडल बनी प्रियंका सात खून माफ़ में प्रेम-संबंधों से निराश-हताश हत्यारी पत्नी बनती हैं। जहाँ प्रियंका इस समय भारतीय खेल की शान मैरी कौम के चरित्र को स्क्रीन पर चित्रित करने की तैयारी कर रही हैं,वहीँ दूसरी तरफ वे यशराज बैनर की नयी फिल्म 'गुंडे' में कैबरे डांस को लेकर भी बेहद उत्साहित हैं। एक्शन और रोमांस से भरपूर 'गुंडे'के लिए प्रियंका ने पिछले दिनों  एक कैबरे डांस की शूटिंग की। फिल्म के निर्देशक अली अब्बास जफर के अनुसार, कैबरे गीत के फिल्मांकन के लिए हमें छह दिन लगे। प्रियंका पर फिल्माया गया यह नया गाना है न कि किसी पुराने गाने का रीमिक्स।' गौरतलब है कि रणवीर सिंह,अर्जुन कपूर और प्रियंका चोपड़ा अभिनीत गुंडे कोलकाता की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म है। गुंडे अगले वर्ष प्रदर्शित होगी। इस वर्ष प्रियंका की प्रदर्शित होने वाली पहली फिल्म है जंजीर। जंजीर में रामचरण तेजा का साथ निभा रही प्रियंका मूल जंजीर में जाया बच्चन द्वारा निभाई गयी भूमिका में दिखेंगी। हालांकि, मूल जंजीर में जया बच्चन द्वारा अपनाए गए हाव-भाव और अंदाज से बिलकुल अलग है नयी जंजीर में प्रियंका का अंदाज। जंजीर के बाद प्रियंका दिखेंगी कृष 2 में। कृष के बाद रितिक रोशन के साथ कृष 2 में भी प्रियंका अभिनय का रंग भरते हुए दिखेंगी। हर रंग और मिजाज की भूमिकाएं निभाने वाली प्रियंका कहती हों,' भारत में दर्शक अब पहले से ज़्यादा खुले दिल के हो गए हैं। वे अलग तरह की कहानियों वाली फ़िल्में भी पसंद कर रहे हैं। आज का दर्शक फ़िल्मों में ज़रूरत से ज़्यादा ड्रामा पसंद नहीं करता। दर्शक समझदार भी हो गए हों। उन्हें पता है सिनेमा काल्पनिक होता है। उन्हें यह भी पता है कि क्या सही है क्या ग़लत। मैं दर्शकों की इसी बदलती पसंद में अपनी पसंद जोड़कर फिल्में और भूमिकाएं चुनती हूं।'

No comments:

Post a Comment

आपकी टिप्पणियों का स्वागत है...