Saturday, July 6, 2013

दूसरी छमाही की उम्मीदें ....

-सौम्या अपाराजिता 

प्रत्येक वर्ष की दूसरी छमाही हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए निर्णायक रहती है। इसी दौरान त्योहारों का मौसम आता है जिसे भुनाने के लिए  सितारे और फिल्म निर्माता अपनी फिल्मों के प्रदर्शन के लिए अक्सर दूसरी छमाही की तारीखें सुरक्षित करते हैं।त्योहारों की छुट्टियों में फिल्मों के प्रदर्शन को लेकर फिल्म निर्माताओं और बड़े सितारों के बीच होड़ लगी रहती है। ईद,स्वतंत्रता दिवस, दीपावली,दशहरा और  क्रिसमस की छुट्टियों पर प्रदर्शित होने वाली फिल्मों के व्यवसाय पर सामान्यतया पूरे वर्ष फिल्म इंडस्ट्री को होने वाले लाभ-हानि का लेखा-जोखा तय होता है। आइये नज़र डालते हैं अगले छह महीने में प्रदर्शित होने वाली उन फिल्मों पर जिसपर दर्शकों की निगाहें और फ़िल्मी दुनिया की उम्मीदें टिकी हैं।
इतिहास से झांकेगा जुलाई 
दूसरी छमाही की शुरुआत हुई है 'लूटेरा' के प्रदर्शन से। जुलाई के पहले सप्ताह में प्रदर्शित हो रही इस फिल्म के  गीतों और झलकियों ने दर्शकों में उत्सुकता बढ़ा दी है। निर्देशक विक्रमादित्य मोटवानी की यह दूसरी फिल्म है। इससे पहले वे 'उड़ान' जैसी प्रशंसित और सफल फिल्म निर्देशित कर चुके हैं। 'लूटेरा' का आकर्षण है सोनाक्षी सिन्हा और रणवीर सिंह का आपसी ताल-मेल। मौजूदा दौर के इन दो लोकप्रिय युवा कलाकारों का साथ सिल्वर स्क्रीन पर रंग ला रहा है। रोचक तथ्य है कि जहां 'लूटेरा' की कहानी पचास के दशक की है तो वहीं 'भाग मिल्खा भाग' में दर्शक स्वतंत्रता से पूर्व और बाद के भारत को मिल्खा सिंह की नजर से देख पाएंगे। राकेश ओम प्रकाश मेहरा निर्देशित 'भाग मिल्खा भाग' में मिल्खा सिंह के जीवन को फ़िल्मी कैनवास पर उतारने का प्रयास किया गया है। फरहान अख्तर और सोनम कपूर अभिनीत 'भाग मिल्खा भाग'  बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर खेल की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्मों की सफलता की कहानी लिख सकती है।जुलाई में निखिल आडवानी निर्देशित 'डी डे' से भी सफलता की उम्मीदें हैं। ऋषि कपूर,इरफ़ान खान, अर्जुन रामपाल के अभिनय के रंगों से सजी 'डी डे' आपराधिक पृष्ठभूमि पर  आधारित है।
  
                                                    अगस्त में मनोरंजन और हकीकत की झलक 

अगस्त में तीन महत्वपूर्ण फ़िल्में 'चेन्नई एक्सप्रेस','वंस अपॉन अ टाइम इन मुंबई' और 'सत्याग्रह' सिनेमाघरों में दस्तक देंगी। ईद पर प्रदर्शित होगी शाहरुख़ खान और दीपिका पदुकोन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस'। 'चेन्नई एक्सप्रेस' में मनोरंजन का सारा सामान मौजूद है फिर वह रोहित शेट्टी का एक्शन-कॉमेडी फिल्मों वाला निर्देशन हो या फिर शाहरुख़ खान और दीपिका पदुकोन की सफल जोड़ी या फिर साउथ की  फिल्मों की झलक। 'चेन्नई एक्सप्रेस' की कामयाबी जहां शाहरुख़ खान को एक बार फिर सलमान खान के करीब लाकर खड़ा कर सकती है तो वहीं दीपिका पदुकोन इस फिल्म से लगातार चौथी सफल फिल्म देने वाली अभिनेत्री बनकर कटरीना कैफ के लिए खतरे की घंटी बजा सकती हैं। 'चेन्नई एक्सप्रेस' के प्रदर्शन के बाद के सप्ताह में प्रदर्शित होगी 'वंस अपॉन अ टाइम इन मुंबई' की सीक्वल 'वंस अपॉन अ टाइम इन मुंबई दोबारा'। मिलन लुथरिया निर्देशित इस फिल्म में मुंबई के अंडरवर्ल्ड के रहस्यों के साथ-साथ अक्षय कुमार,इमरान  खान और सोनाक्षी सिन्हा का प्रेम त्रिकोण दर्शक देख पाएंगे। एक्शन,रोमांच और रोमांस से भरपूर 'वंस अपॉन अ टाइम इन मुंबई दोबारा' के  बाद अगस्त के आखिरी सप्ताह में प्रदर्शित होगी 'सत्याग्रह'। प्रकाश झा इस फिल्म से एक बार फिर भारत के राजनीतिक गलियारे की सच्चाइयों को अपने अंदाज़ में दर्शकों के सामने पेश करेंगे। अमिताभ बच्चन,अजय देवगन, करीना कपूर,मनोज बाजपेयी और अमृता राव अभिनीत 'सत्याग्रह' के कथ्य को लेकर लगाए जा रहे अनुमान फिल्म के प्रदर्शन के बाद साफ़ हो सकते हैं।

सितम्बर के तीन आकर्षण 
सितम्बर की शुरुआत 'बुलेट राजा' से होगी। तिग्मांशु धुलिया की बहुचर्चित फिल्म 'बुलेट राजा' में सैफ अली खान और सोनाक्षी सिन्हा की मौजूदगी के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के अपराध जगत की झलक आकर्षण का केंद्र होगी। तिग्मांशु धुलिया का सधा हुआ निर्देशन भी फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता बढाता है। गौरतलब है कि तिग्मांशु धुलिया की इस वर्ष प्रदर्शित होने वाली दूसरी फिल्म होगी 'बुलेट राजा'। इसी वर्ष  वे 'साहब बीबी और गैंगस्टर रिटर्न्स' से सफलता का स्वाद चख चुके हैं। 'बुलेट राजा' के बाद सितम्बर का दूसरा आकर्षण है 'शुद्ध देसी रोमांस'। यशराज फिल्म्स की यह नयी फिल्म एकल नायक के रूप में सुशांत सिंह राजपूत को स्थापित कर सकती है। सुशांत के साथ मनीष शर्मा निर्देशित 'शुद्ध देसी रोमांस' में परिणीती चोपड़ा और नवोदित वाणी कपूर भी अभिनय कर रही हैं। इसी महीने में शाहिद कपूर लम्बे समय बाद इलियाना डीक्रूज़ के साथ सिल्वर स्क्रीन पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराएँगे। वह फिल्म होगी राजकुमार संतोषी निर्देशित 'फटा पोस्टर निकला हीरो'।
                                           
                                            रणबीर के नाम अक्टूबर 

अक्टूबर होगा रणबीर कपूर के नाम। रणबीर कपूर की चर्चित और प्रतीक्षित फिल्म 'बेशरम' अक्टूबर में दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में उपलब्ध होगी। 'दबंग' के बाद निर्देशक अभिनव कश्यप की दूसरी फिल्म है 'बेशरम'। हिट फिल्मों की हैट्रिक पूरी कर चुके रणबीर को 'बेशरम' का प्रदर्शन एक बार फिर अपना दम-ख़म दिखाने  का मौका दे सकता है। 'बेशरम' में रणबीर के साथ नवोदित अभिनेत्री पल्लवी शारदा नजर आयेंगी। रोचक तथ्य है कि इस फिल्म में रणबीर अपने माता- पिता नीतू सिंह  और ऋषि कपूर के साथ अभिनय कर रहे हैं। एक ही फिल्म में ऋषि कपूर,नीतू कपूर और रणबीर कपूर की मौजूदगी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकता है।


नवम्बर में बड़ी फिल्मों का मेला 

नवम्बर में तब बड़े बजट की बड़ी फिल्मों का मेला  लगेगा जब एक के बाद एक भव्य फ़िल्में सिनेमाघरों में दस्तक देंगी। 'कृष 3' के प्रदर्शन से यह सिलसिला शुरू होगा। ऋतिक रोशन की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का इंतज़ार हर वर्ग के दर्शक कर रहे हैं। 'कोई मिल गया' और 'कृष' की कामयाबी के बाद 'कृष 3' की सफलता तय मानी जा रही है। हालांकि दर्शकों की बदलती पसंद का पूर्वानुमान नहीं लगाया जा सकता है। ऋतिक रोशन के सुपरमैन अवतार के साथ साथ  प्रियंका चोपड़ा और कंगना रानौत की मौजूदगी भी फिल्म का महत्वपूर्ण आकर्षण है।'कृष 3' के बाद प्रदर्शित होगी 'राम लीला'। 'राम लीला' में संजय लीला भंसाली का चिरपरिचित कलात्मक निर्देशन और दीपिका पदुकोन और रणवीर सिंह का साथ रंग लाता है या नहीं यह दर्शकों पर निर्भर है।नवम्बर में एक सप्ताह के अन्तराल पर दो पूर्व प्रेमियों की अलग-अलग फ़िल्में प्रदर्शित होंगी। बात हो रही है करीना कपूर अभिनीत 'गोरी तेरे प्यार में' और शाहिद कपूर अभिनीत रैम्बो राजकुमार'की।प्रभुदेवा निर्देशित  रैम्बो राजकुमार' में शाहिद का साथ देंगी सोनाक्षी सिन्हा,तो करन जौहर निर्मित और पुनीत मल्होत्रा निर्देशित 'गोरी तेरे प्यार में' में करीना का साथ देंगे इमरान खान।
                                             
                                                     दिसम्बर में मचेगी धूम 

दिसम्बर में दर्शकों को  हर रंग और हर मूड की फिल्मों का उपहार मिलेगा। फरहान  अख्तर और विद्या बालन की रोमांटिक कॉमेडी 'शादी के साइड इफेक्ट्स' प्रदर्शित होगी तो माधुरी दीक्षित 'डेढ़ इश्किया' में नसीरुद्दीन शाह और अरशद  वारसी के साथ इश्क फरमाती नजर आएँगी। आलिया भट्ट और रणदीप हुडा इम्तियाज़ अली के निर्देशन में 'हाईवे' पर प्रेम गीत गायेंगे तो कटरीना कैफ के साथ आमिर खान 'धूम 3' में धूम मचाते नजर आएंगे।' धूम 3' पर दर्शकों और फिल्म विशेषज्ञों की निगाहें टिकी हैं। आमिर खान की प्रभावशाली मौजूदगी, कटरीना कैफ का आकर्षण,धूम सीरिज़ की फिल्मों की पूर्व सफलता और क्रिसमस एवं नए वर्ष की छुट्टियाँ 'धूम 3' की सफलता की नींव बन सकती है।' धूम 3' की सफलता के साथ हिंदी फिल्मों के लिए वर्ष 2013 के सुखद और सकारात्मक अंत की उम्मीद की जा रही है .....कहते हैं न ...अंत भला,तो सब भला।


No comments:

Post a Comment

आपकी टिप्पणियों का स्वागत है...